बड़ी देर से स्क्रीन के सामने बैठे सोच रहा हूँ, कहाँ से शुरू करूँ? कितनी सारी बातें एकसाथ आ रही हैं। उन्हे किस क्रम से कह पाऊँगा? जबसे यह तय किया है के ब्लॉग के इन बीते दिनों पर कुछ लिखना है तब से ‘नोट्स’ बन रहे हैं। कितने तो ड्राफ़्ट लिखे और मिटा दिये। पर आज उनमे से कुछ ज़रूरी बातें कह ही दूंगा। इसलिए शुरू में ही कह रहा हूँ यह कोई ‘संस्थानिक शोधपत्र’ नहीं है। न उन वैज्ञानिक प्रविधियों पर इसकी जाँच संभव है। यह मेरी व्यक्तिगत सीमाओं के भीतर बनी दृष्टि है। इस कथन के बाद यह लेख प्रारम्भ माना जाये। इससे अलग कुछ नहीं।
ब्लॉग। बहुत छोटा सा शब्द है। उसमें छोटी सी हिन्दी की दुनिया है। पिछली बार यही कह रहा था के ब्लॉग लिख कौन रहा है? इसके पाठक कौन हैं? इन्हे लिखा क्यों जा रहा है? यह शास्त्रीय काव्य ‘हेतु’, ‘लक्षण’, ‘प्रयोजन’ के चश्मे से अलग प्रस्थान बिन्दुओं की तरफ़ हमें ले जाते हैं। यह किसी अस्मितावादी पाठ के निर्माण की प्रक्रिया जैसा है। जहाँ सभी अपने हिस्सों के साथ माजूद हैं। हम सब कह लेना चाहते हैं। जो आज तक किन्ही कागज़ के पन्नों में बंद जिल्दों में रखा था, उसे सबके लिए सहज उपलब्ध कराने जैसा। यहाँ इंतज़ार है। बेकरारी है। शब्दों को ढूँढना है। उन्हे कहीं से पकड़ लाना है। उन्हे कंपनी बाग के भारी से लोहे के बेंच की तरह जमाते हुए। जहाँ हम सब पाए जाएँगे। जब जो मन करेगा कहेंगे। किसी से पूछेंगे नहीं। बस लिख देंगे।
यह सीमित अर्थों में उन वर्चस्ववादी प्रकाशन संस्थानों से अलग लेखन का लोकतांत्रिकीकरण है, जहाँ कौन, कैसे, किस रूप में प्रकाशित होता है; इसका पारदर्शी ढाँचा कम-से-कम हिन्दी में तो नज़र नहीं आता। उन्हे कोई खोलना नहीं चाहता। उन बंद दरवाजों से अलग एक यह दुनिया है। तथा सीमित इस अर्थ में भी कि जिस प्रौद्योगिकी का हम इस्तेमाल कर रहे हैं उसकी पहुँच का दायरा इतना विस्तृत नहीं है। वह अभी भी बहुत छोटा घेरा है। बिलकुल वैसे ही जैसे यह कहना असंगत है कि दिल्ली विश्वविद्यालय और उत्तरप्रदेश में वितरित ‘लैपटॉप’ के बाद, उन प्राप्तकर्ताओं के ‘ब्लॉगर’ बनने की संभावना बढ़ गयी है। बहरहाल। वापस।
यहाँ सबसे बड़ा सवाल ब्लॉग बना लेना नहीं है। उसे चलाना है। चलाना नियमितता है। यहाँ बार-बार आना है। हमने यह स्पेस किस लिए बनाया? हम यहाँ क्या करने आते हैं? हमारे पास कहने के लिए क्या है? हम लगातार इसे कैसे बना बिगाड़ रहे हैं? हमारे पास उन शुरुवाती दिनों में कह लेने के रोमांच के बाद इधर आने का कितना समय है? हम कितना समय इसके लिए अपनी व्यस्त दिनचर्या में से निकाल पाते हैं? हम कब तक अपनी आंतरिक प्रेरणा के सहारे यहाँ टिके रहते हैं। यह जगह हमें कितना रोक पाती है। फ़िर ऐसे उदाहरण कम ही होंगे जिनमे ‘
मानसिक हलचल’ के लेखक ज्ञान दत्त पाण्डेय की
प्रेरणा से प्रवीण पाण्डेय ‘
न दैन्यं न पलायनम्’ नियमित लिखने लगे। कभी-कभी यहाँ ऐसे ब्लॉग भी टकरा जाते हैं जो अब उतने नियमित नहीं हैं या बिलकुल सो गए हैं। जैसे एक अनाम सी लड़की अर्चना का ब्लॉग है ‘
तुम्हारे लिए’। वह वहाँ पिछले साल सितंबर के बाद नहीं है। इन्हे किन अर्थों में लें?
फ़िर इधर एक बदला हुआ ट्रेंड दिखता है। कई ऐसे हैं जिनके पास कहने के लिए बहुत कुछ है। वे अभी भी उतनी संवेदनशीलता से अपनी बात कह रहे हैं। उनके अनुभवों में, विचारों में, कहने में वैविध्य बना हुआ है। वे समानान्तर उस जगह का इस्तेमाल करते रह सकते हैं। पर वे अब ब्लॉग की जगह ‘फ़ेसबुक’ पर अपनी बात कहते हैं। उदय प्रकाश अब
वहाँ कोई पोस्ट नहीं लगाते। प्रियदर्शन बड़े विनयपूर्वक पढ़ने का आग्रह यहीं अपनी दिवार पर कर देते हैं। ‘
बात पते की’ कभी पब्लिक डोमेन में खुला मिला ही नहीं। मनीषा पाण्डेय कभी ‘
बेदखल की डायरी’ लिखती थीं। अब यहीं रहती हैं। एक तरफ़ यह उन्हे लक्षित पाठक वर्ग से सीधे जोड़ता है, साथ ही यहाँ सरलता से उन सबकी त्वरित टिप्पणियों से परिचित हो जाते हैं। पर अगर यह सिर्फ़ संवाद की बात है तब समझ नहीं आता कि फ़िर किशोर चौधरी ने अपने ब्लॉग ‘
हथकढ़’ पर कमेंट्स को डिसेबल क्यों कर रखा है।
अभी जब इसी पोस्ट के लिए गूगल की तलाशी ले रहा था तब कहीं पढ़ा के
रवीश एक जगह कहते हैं जब भी वह ‘हिंदुस्तान’ के अपने साप्ताहिक कॉलम ‘कमेंटरी’ के लिए ब्लॉग ढूँढते थे, तब उनका सारा ध्यान इस बात पर होता था कि इस हिन्दी में साहित्यिक विषयों से इतर कहीं लिखा उन्हे मिले। वह उन पुरानी यादों बातों संस्मरणों के विशुद्ध हिन्दी पाठ न हों। उनमे विषयों को लेकर विविधता हो। यह सच है के हममे से अधिकतर का लेखन इसी हिन्दी की साहित्यिक परिभाषा में समा जाने की इच्छा से लिखा जा रहा है। क्योंकि हम वहाँ नहीं हैं, हमारे अनुभव वहाँ नहीं हैं इसलिए सबसे पहले हम वहाँ हो जाना चाहते हैं। और ऐसा लगता है अभी यही चलने वाला है। हम पहले ख़ुद को तो कह लें। पर ऐसा भी नहीं है के यहाँ साहित्येतर कुछ नहीं लिखा जा रहा।
लेकिन अभी जो बात ऊपर से सीधे जुड़ रही है। वह यह कि वहीं किसी लिंक पर रवीश के कॉलम के दोहज़ार दस में बंद हो जाने पर एक पाठक यह लिखता है के वे इसका मौखिक इतिहास लिख रहे थे। उस परंपरा में अभी कोई नज़र नहीं आता। हम इससे लिखना भी सीख रहे थे। पर यहाँ जो महत्वपूर्ण बात रही जा रही है वह यह कि इस तरह रवीश ने प्रिंट मीडिया में ब्लॉग के लिए जगह बनाई। यह इसे अगंभीर माध्यम के बजाय एक संभावनाशील माध्यम के रूप में स्थापित करते हैं। तभी आज बड़े से बड़े अख़बार में इन आवाज़ों के लिए नियमित स्थान सुनिश्चित है। ‘
ब्लॉग् इन मीडिया’ वैबसाइट की परिकल्पना इसी के बाद का विचार है। जो इन अखबारों में प्रकाशित होते ब्लॉगों का संकलन करती है। उन्हे बाकायदा वहाँ ब्लॉगवार रखती है।
प्रवीण ने संस्थानिक प्रयासों की
बात की है। पता नहीं इसे संस्थानिक प्रयास माना जाएगा के नहीं। फ़िर भी लिखे दे रहा हूँ। बड़े दिनों से बात घूम रही है। जिस विश्वविद्यालय से मैंने पढ़ाई की है वहीं से विनीत और मिहिर अपनी पीएचडी कर रहे हैं। अमितेश मेरा बैचमेट है। तीनों को जेआरएफ़ मिली। वे क्रमश मीडिया, सिनेमा और रंगमंच पर शोधरत हैं। इस तरह तीनों को विश्वविद्यालय में रुकने के पर्याप्त मौके मिले। जो कईयों को नहीं मिल पाते हैं। अब जो बात इस पूर्वपक्ष के बाद ब्लॉग के संदर्भ में कहने लायक है वह यह कि विनीत की ‘
हुंकार’, मिहिर का ‘
आवारा हूँ..’ और अमितेश के ‘
रंगविमर्श’ को इस रूप में क्या माना जाये? यहाँ आना इनका स्वतंत्र निर्णय हो सकता है, पर क्या उस स्थिति में भी वे इसी तरह इन्ही विषयों पर लिख रहे होते? इसका कोई तयशुदा उत्तर नहीं हो सकता। हो सकता है वे लिखते पर इन विषयों पर इन संरचनाओं में नहीं।
हो सकता है वह आलोक की तरह अपना ब्लॉग बनाते। ‘
लोकरंजन’। वह भी इसी विश्वविद्यालय से हिन्दी में पोस्टग्रेजुएट है। पर इतने व्यवस्थित ढंग से इन विषयों को नहीं चुनते। वह राकेश की तरह दो हज़ार छह के बाद पिछले साल ‘
अ-कल्पना’ बनाते। जिसपर चाहकर भी वह वक़्त नहीं दे पाते। वह आशीष हो जाते। जो पैरा-टीचर होने पर अपनी छटपटाहटें बाँटता।‘
इश्क़ मेरा..’ लिखता है। पर कहीं पक्की नौकरी न होने की टीस उसे कुछ भी लिखने से रोकती रहती। वह भी बस यही सोचते रहता है, वह क्यों नहीं राजनीति विज्ञान में किसी कॉलेज में ऍड-हॉक पढ़ा रहा। इस तरह यह तीनों अ-संस्थागत हैं। यह उन्हे मौके नहीं देना है।
यह भावुकता का मामला नहीं है। यह अवसर बनाम प्रतिभा बनाम लेखन का मामला है। बहस बहुत लंबी है इसलिए इसे यहीं छोड़ते हैं। फ़िर कभी इस पर लौटेंगे। पर पहले विनीत तुमसे कुछ कहना है। उस दिन जब अभय कुमार दुबे तुम्हें कह रह थे सरोकार और प्रतिबद्धता की बाइनरी से निकल मीडिया को देखना शुरू करो, तब लगा था, तुम कुछ करोगे। पर तुमने निराश किया। यह माध्यम जितनी तेज़ी से बदल रहा है उसी अनुपात में तुम अभी भी ‘
फ्रैंकफ़र्ट स्कूल’ में पड़े हुए हो। नयी शब्दावली की तरफ़ तो जाओ दोस्त। ऐसा हम कब तक पढ़ते रहेंगे। उसे साहित्य से भी हटाओ। ‘
गेस्टाल्ट’ में देखना शुरू करो। आशा है तुम कोशिश करोगे।
ख़ैर। वह जो अभी विषयों के वैविध्य की बात चल रही थी, वहाँ यही कह सकते हैं के अभी हम बहुत पीछे हैं। यह सिर्फ़ भाषा का मामला नहीं, यह इस माध्यम की भी दिक्कत है। विद्यालयी स्तर पर हिन्दी किन विषयों को ढो रही है। यह चयन का अवसर ही नहीं देती कि ‘स्थापत्य’ की पढ़ाई हिन्दी में कोई कर सके। ‘आयुर्विज्ञान’ एम्स के बाहर लगे बोर्ड में इतना अपरिचित लगता है तब जबकि वह मेडिकल की हिन्दी की किताबों में आने के बाद उसका क्या होगा? ऑटोमोबिल्स, ऍरोनॉटिक्स में तो कभी सोच भी नहीं सकते। हम हिन्दी मीडिया की पढ़ाई में ही अपनी स्वतंत्र पारिभाषिक शब्दावली नहीं गढ़ पाये हैं। इनपर हिन्दी में लिखने वाले कहाँ से मिलेंगे। थोड़ा बहुत इतिहास ‘
सिंहावलोकन’ पर जान लेते थे वह भी महीनों से पता नहीं क्यों रुका हुआ है। ‘
मल्हार’ अपने किस्म का ठिकाना है। फ़िर घुमक्कड़ी पर ठीक ठाक लिखने वाले दो ही लोग हैं देशज जगहों पर ‘
नीरज’ और विदेशी हवाई यात्राओं के लिए ‘
मनीष कुमार’। अभी पिछले साल इंडीब्लॉगर ने
पचास श्रेणियों में सर्वश्रेष्ठ ब्लॉगों को चुना है। उनसे गुजरते हुए लगता है अभी कितनी जगहें खाली पड़ी हैं। उन्हे भरना है।
हमें बस एक ही नयी चीज़ ने आकर्षित किया। पॉडकास्ट। उसके बाद हमारी सूई रुक गयी। आज जब वापस ‘
आवाज़’ पर लौटता हूँ तब वह ‘फ्लैश प्लेयर’ सिर्फ़ ‘बफ़रिंग’ करते हैं, उनसे लौटकर कोई आवाज़ नहीं आती। सजीव सारथी के ‘
रेडियो प्लेबैक इंडिया’, इरफ़ान की ‘
टूटी हुई बिखरी हुई’, अनुराग शर्मा के ‘
पॉडकास्ट’, प्रमोद सिंह के ‘
अजदक’ के अलावे मनीष कुमार के
यहाँ कभी कभी कुछ सुन लेते हैं। फ़ोटो ब्लॉग के लिए तस्वीर खींचने वाला कैमरा चाहिए। जो लगता है सिर्फ़ एफ़बी पर एल्बम बनाने के अतिरिक्त कोई और काम नहीं कर सकता। कुछ कार्टूनिस्ट के अपने अड्डे हैं। इसके बाहर जो कुछ भी है वह कविता है। और कुछ नहीं।
भाषा पर एक महत्वपूर्ण बात इनसबके बीच रहती गयी। वह यह कि कई ऐसे ब्लॉगर हैं जो एक से अधिक ब्लॉग लिखते हैं और उनके यहाँ दो तरह की भाषाएँ नज़र आती हैं। यहाँ दो उदाहरण हैं। एक सागर हैं। उनके दो ब्लॉग ‘
सोचालय’ और ‘
बैरंग’। दूसरे अभि। इनके भी दो ब्लॉग। ‘
एहसास प्यार का’ और ‘
मेरी बातें’। दोनों जगह वह दोनों नियमित लिखते हैं। पर इस तरह उनकी भाषा एक से दूसरे ब्लॉग में आवाजाही नहीं करती। यह सचेत है या अवचेतन में कोई भाषिक मकेनेज़िम अपना काम कर रहा होता है कि विषय, भाव, समय के साथ कैसी भाषा बरतनी है वह स्वतः अपना काम करते रहते हैं। वे दोनों जगह दो अलग तरहों से लिख रहे होते हैं।
फ़िर आख़िरी में एक बात कहकर अपनी बात ख़त्म कर दूँगा कि हिन्दी अभी भी भाव और विचार पक्ष में विभाजित लगती है। यह बहुत विस्तृत खाँचें हैं। पर दिखता ऐसा ही है। पर यह भी यथास्थितिवादी नहीं है। वह ठीक है के उन ब्लॉगों के दीर्घजीवी रहने कि संभावना अपने प्रारम्भ से ही अधिक रहती है जो किसी के व्यक्तिगत प्रयासों से अधिक सामूहिक वैचारिक आग्रह लिए होते हैं। जैसे एक गलत उदाहरण यहाँ फ़िट करने की कोशिश में प्रभात रंजन का ‘
जानकीपुल’, अशोक कुमार पाण्डेय का ‘
कबाड़खाना’। या ‘
अनुनाद’ या ‘
सबद’ या ‘
पढ़ते-पढ़ते’ या ऐसा ही कोई और। इनमे स्वयं व्यक्तिगत रूप से इनकी भागीदारी कम है। वे नियमित रूप से अपनी अभिव्यक्ति के साथ वहाँ उपस्थित नहीं होते। फ़िर इन्हे ‘वेब पोर्टल’ जैसी शब्दावली में भी गिना जा सकता है। पर दूसरी तरफ़ स्त्रियों की आवाज़ें हैं। कई इसे ‘वैचारिक भावुकता’ भी कह सकते हैं, जहाँ आराधना का ‘
ब्लॉग’ है।‘
लहरों’ वाली पूजा है। ‘
मैं घुमन्तू’ की अनु चौधरी के अनुभव हैं। इनके बिना हम कुछ भी नहीं हैं। यह हमारे समाज का जीवित इतिहास हैं। जिस आईने में रोज़ ख़ुद को देखने से हम एक नए समाज का निर्माण कर सकते हैं। यह उसकी पहली भूमिकायेँ हैं।
पोस्ट चार पन्ने की हो गयी है। पर एक साथ ही लगाए दे रहा हूँ। इसे बीच में कहाँ तोड़ता समझ नहीं आया इसलिए। जो इसके पीछे जाना चाहते हैं, वह राकेश कुमार सिंह द्वारा दो हज़ार नौ की बैठक वाला
शोध पत्र देख सकते हैं। फ़िलहाल ‘
मसिजीवी’ की तरह इनका ‘
हफ़्तावार’ भी बंद है। ऐसा ही कुछ हाल चन्दन पाण्डेय की ‘
नयी बात’ का है। यह मूल्यपरक टिप्पणी नहीं वस्तुपरक टीका है। और जो सब रह गया है, वह नीचे बताते जाएँ तो अच्छा होगा..!!